देहरादून , अप्रैल 13 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
श्री धामी ने डॉ. अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में कहा कि सामाजिक न्याय के लिए डॉ. अम्बेडकर का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने देश की एकता, अखण्डता और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने वाला संविधान देश को प्रदान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों के अनुकरण से हमारा देश सशक्त बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने दलित एवं वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ ही उन्हें समाज में समान अधिकार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाबा साहेब ने भारतीय संविधान की संरचना में उल्लेखनीय योगदान देते हुए दलितों व कमजोर वर्गों के लोगों को आगे बढ़ाने में प्रभावी पहल की और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित