चंडीगढ़ , मई 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऊषा प्रियदर्शी ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाना सराहनीय कदम है। उनका लंबा राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और समाज के प्रति समर्पण जगजाहिर है। उनके नेतृत्व से भाजपा को नई ऊर्जा मिलेगी। पार्टी का नेतृत्व और मजबूत, एकजुट और धारदार होगा। यह कदम महिला सशक्तिकरण को और बढ़ावा देगा।

नियुक्ति की खबर आते ही प्रदेशभर में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। महिला विंग का मानना है कि एक कर्मठ, शिक्षित और संवेदनशील महिला नेता को कमान मिलने से राजनीति में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा।

ऊषा प्रियदर्शी ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के मार्गदर्शन में महिला मोर्चा प्रदेश के कोने-कोने में सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचाएगा। कार्यकर्ताओं का भरोसा है कि उनका कुशल नेतृत्व पार्टी को नई ऊंचाई पर ले जाएगा। डॉ. अर्चना गुप्ता की छवि साफ-सुथरी और सबको साथ लेकर चलने वाली नेता की रही है। उनकी नियुक्ति से आधी आबादी के बीच सकारात्मक संदेश गया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार बनने के बाद महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और स्वावलंबन पर ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। 'लाडो लक्ष्मी' से 'लखपति दीदी' तक की यात्रा बताती है कि भाजपा के एजेंडे में महिला सशक्तिकरण सबसे ऊपर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित