नयी दिल्ली , मार्च 18 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. नरेश कुमार ने "संगठन सृजन अभियान" के तहत कांग्रेस समिति की ओर से राजधानी दिल्ली के लिये नियुक्त किये गये 14 पर्यवेक्षकों को बधाई देते हुए कहा है कि यह पहल संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
डॉ. कुमार ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि ये पर्यवेक्षक दिल्ली के सभी जिलों का दौरा करेंगे और सात से 10 दिनों तक रहकर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं से संवाद स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के आधार पर प्रत्येक जिले के लिए छह नामों का पैनल तैयार किया जाएगा, जिसके जरिए 14 नए जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि पैनल तैयार करते समय सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाएगा, जिसमें अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), अल्पसंख्यक, युवा और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए डॉ. एन. रघुवीरा रेड्डी, श्री अजय कुमार लल्लू, श्री विजय इंदर सिंगला, श्री गिडागु रुद्र राजू, श्री विकार रसूल वानी, श्री लालजी देसाई, श्री जी.सी. चंद्रशेखर, श्री अशोक सिंह (सांसद), श्री भजन लाल जाटव, श्री आर.सी. खुंटिया, श्री सुरेंद्र शर्मा, श्री सुरेश कुमार, श्री सुखदेव पांसे तथा श्री सुरेंद्र सिंह बघेल को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दिल्ली में कुल 14 जिले हैं और प्रत्येक जिले के लिए एक-एक ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है, जो जल्द ही अपना कार्य शुरू कर देंगे।
डॉ. नरेश ने विश्वास जताया कि इस अभियान के माध्यम से दिल्ली में कांग्रेस संगठन को नयी ऊर्जा और मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में दिल्ली में कांग्रेस और अधिक मज़बूत होकर उभरेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित