चंडीगढ़ , जुलाई 14 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता मंगलवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा का हाल-चाल जानने के लिए पंचकूला स्थित उनके अमरावती निवास पहुंचीं। उन्होंने आत्मीय मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि रामबिलास शर्मा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। संगठन को मजबूत बनाने और हरियाणा के विकास में उनका योगदान कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने उनके बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की। इस दौरान डॉ. गुप्ता ने रामबिलास शर्मा के परिजनों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि भाजपा परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, पूर्व महापौर कुलभूषण गोयल तथा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित