मुंबई , जुलाई 31 -- अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में डॉलर की मांग कमजोर रहने से रुपया शुक्रवार को सात पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.43 रुपये का बोला गया।

भारतीय मुद्रा लगातार छठे दिन बढ़त में रही है। इन छह दिनों में यह 130 पैसे मजबूत हो चुकी है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 26 पैसे चढ़कर 95.50 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।

रुपया सुबह 10 पैसे की बढ़त के साथ 95.40 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। यह शुरू में ही 95.25 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। हालांकि बाद में 95.46 रुपये प्रति डॉलर के दिवस के निचले स्तर तक उतरने का बाद 95.43 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

कारोबारियों ने बताया कि बाजार में डॉलर की मांग कमजोर रहने से रुपये को समर्थन मिला। हालांकि कच्चे तेल और डॉलर सूचकांक में मजबूती से रुपये की बढ़त सीमित रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज एक प्रतिशत चढ़कर 90 डॉलर प्रति बैरल के पास पहुंच गया। वहीं, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक 0.5 प्रतिशत मजबूत हुआ। इन दोनों कारकों ने भारतीय मुद्रा पर दबाव बनाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित