रांची , अगस्त 27 -- झारखंड की राजधानी रांची के अशोक नगर में रहने वाले डॉक्टर दुर्गा चरण सिन्हा से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी देने के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
अरगोड़ा थाना में दर्ज मामले की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार दास उर्फ दीपक (46) को लोहरदगा से गिरफ्तार किया है। उसके पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल मोबाइल का सिम कार्ड भी बरामद किया गया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच टीम सबसे पहले उस मोबाइल नंबर की धारक महिला तक पहुंची, जिससे डॉक्टर को लगातार धमकी भरे फोन किए जा रहे थे। लोहरदगा में महिला से पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मोबाइल नंबर उसके नाम पर दर्ज है, लेकिन उसका इस्तेमाल उसका पति दीपक कुमार दास कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने दीपक को गिरफ्तार कर लिया।
।।।गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि डॉक्टर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की साजिश किसने रची थी और इस पूरी वारदात के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस जमीन संबंधी विवाद के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। डॉक्टर को निशाना बनाने की योजना, रंगदारी की रकम तय करने और धमकी भरे फोन कराने में अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन, सिम कार्ड समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि दीपक से पूछताछ के बाद मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित