ग्वालियर , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में डॉक्टर का मोबाइल नंबर इंटरनेट पर खोजना एक युवक को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने पांच रुपये की फीस जमा कराने का झांसा देकर व्हाट्सएप पर लिंक भेजा और युवक के मोबाइल में मालवेयर इंस्टॉल करा दिया। इसके बाद मोबाइल की स्क्रीन ब्लैक हो गई और बैंक खातों तथा फाइनेंस अकाउंट से नौ लेनदेन में कुल 2 लाख 57 हजार 991 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुरार क्षेत्र के आर्मी चौराहा, बड़ागांव रोड निवासी 33 वर्षीय आकाश यादव को 16 अक्टूबर को डॉक्टर खोजेमा सैफी को दिखाना था। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट पर डॉक्टर का मोबाइल नंबर तलाशकर संपर्क किया। बातचीत के दौरान एक अन्य नंबर से फोन आया और डॉक्टर को दिखाने के लिए पांच रुपये की रसीद कटवाने की बात कही गई।
इसके बाद आकाश के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजकर जानकारी भरने को कहा गया। उन्होंने लिंक पर जानकारी भरकर पांच रुपये का भुगतान कर दिया। फिर दूसरे नंबर पर भी पांच रुपये भेजने को कहा गया। भुगतान करते ही मोबाइल पर अपडेट इंस्टॉल होने का संदेश आया और कुछ ही देर में स्क्रीन ब्लैक हो गई। मोबाइल बंद करने के बाद करीब एक घंटे पश्चात दोबारा चालू करने पर बैंक खातों और फाइनेंस अकाउंट से रकम कटने के संदेश मिले।
पीड़ित के अनुसार, ठगों ने आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, छोला फाइनेंस और एचडीएफसी रिटेल एसेट सहित विभिन्न खातों से रकम निकाली। इसके अलावा कई अन्य लेनदेन के जरिए भी पैसे निकाले गए। ठगी का पता चलने पर आकाश ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित