डेहरी-ऑन-सोन , मई 30 -- रोहतास जिले के डेहरी शहर में नियमों को ताक पर रखकर चल रहे कोचिंग संस्थानों पर शनिवार को शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है, जिसके तहत स्कूल टाइमिंग में चल रहे आधा दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों को तत्काल बंद करा दिया गया।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) डॉ. संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने पाली मुहल्ले में छापेमारी कर स्कूल टाइमिंग में चल रहे आधा दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों को तत्काल बंद करा दिया।
विभाग को लगातार शिकायत मिल रही थी कि पाली मुहल्ले में दर्जनभर से ज्यादा कोचिंग सेंटर अवैध तरीके से संचालित हो रहे हैं। जांच में सामने आया कि कई संस्थानों का रजिस्ट्रेशन तक नहीं है। भीषण गर्मी में एस्बेस्टस की छत के नीचे छात्र-छात्राओं को बैठाकर पढ़ाया जा रहा था। साथ ही मनमानी फीस वसूली की शिकायतें भी मिली थीं।
बीईओ डॉ. सिंह ने बताया कि सभी कोचिंग सेंटर सरकारी गाइडलाइन को दरकिनार कर स्कूल समय में ही संचालित किए जा रहे थे। इससे स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति प्रभावित हो रही थी। छापेमारी के दौरान ये सभी संस्थान बिना रजिस्ट्रेशन, अव्यवस्थित भवन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के मामले पकड़े गए।
डॉ. सिंह ने कहा कि नियमों के खिलाफ चल रहे आधा दर्जन से अधिक कोचिंग संस्थानों को बंद करा दिया गया है। पूरी जांच रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय निर्देशों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संचालकों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित