डेराबस्सी , जुलाई 11 -- पंजाब के डेराबस्सी घग्गर नदी का जलस्तर बढ़ने से अमलाला गांव के पास कटाव तेजी से बढ़ गया है। नदी का बहाव बदलने के कारण हाई-वोल्टेज बिजली टावर और एक पुल पर खतरा मंडराने लगा है। तेज बहाव से किसानों की कई एकड़ कृषि भूमि और धान की फसल नदी में समा चुकी है।

ग्रामीणों के अनुसार, बिजली टावर अब नदी से केवल 25 से 30 फुट की दूरी पर रह गया है। यदि कटाव नहीं रुका तो टावर की नींव कमजोर होकर गिर सकती है, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है। नदी का बहाव और बदलने पर पास स्थित पुल की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

प्रभावित किसान बचित्तर सिंह ने बताया कि उनकी कई एकड़ धान की फसल कटाव की भेंट चढ़ गयी है। गांव के पूर्व सरपंच बलिहार सिंह बली और अन्य किसानों का आरोप है कि पहले हुई डी-सिल्टिंग के दौरान नदी के बहाव की दिशा बदल गयी थी, जिससे पानी सीधे खेतों की ओर आने लगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को शिकायत दी गयी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर कटाव रोकने के लिए तटबंध मजबूत करने तथा बिजली टावर और पुल की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित