नयी दिल्ली , सितंबर 24 -- केंद्र सरकार के कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग (डेयर) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने अपने देशव्यापी संस्थानों और शाखाओं के साथ मिलकर 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के अंतर्गत स्वच्छता, साफ-सफाई और पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए कई विशेष पहल शुरू की हैं। इन पहलों का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और विशेष रूप से स्कूली बच्चों को स्वच्छता तथा पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत, डीएआरई-आईसीएआर और पूर्वोत्तर क्षेत्र में स्थित इसके संस्थानों ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों और स्थानीय समुदायों में व्यापक स्वच्छता गतिविधियां संचालित की हैं। आईसीएआर-कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान (एटीएआरआई), गुवाहाटी के विशेषज्ञों की एक टीम ने सिक्किम में छात्रों को स्वच्छता और टिकाऊ कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया। इसके अंतर्गत छात्रों को उत्तरी सिक्किम के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) का दौरा कराया गया, जहां उन्हें जैविक कचरे को उपयोगी खाद में बदलने की प्रक्रिया (वर्मीकम्पोस्टिंग) और वैज्ञानिक सफाई पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित