वाराणसी , जुलाई 17 -- काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के हिन्दी विभाग की सहायक आचार्य डॉ. प्रियंका सोनकर तथा हिन्दी विभाग के उत्तर-डॉक्टोरल फेलो एवं युवा कवि डॉ. विहाग वैभव ने पांच से 12 जुलाई तक डेनमार्क के आरहूस विश्वविद्यालय में आयोजित एक सप्ताह की यूरोपीय आधुनिक हिन्दी अनुवाद कार्यशाला में भाग लेकर विश्वविद्यालय का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया।

विश्व के विभिन्न देशों से आए विद्वानों, अनुवादकों और अध्यापकों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य आधुनिक हिन्दी साहित्य का यूरोपीय तथा अन्य विश्व भाषाओं में अनुवाद कर उसकी वैश्विक पहुंच का विस्तार करना था। कार्यशाला के दौरान हिन्दी साहित्य की अनेक महत्वपूर्ण कृतियों के अनुवाद पर गहन विचार-विमर्श किया गया।

कार्यशाला में बीएचयू के उत्तर-डॉक्टोरल फेलो एवं युवा कवि डॉ. विहाग वैभव के चर्चित कविता-संग्रह 'मोर्चे पर विदा गीत' की कविताओं के अनुवाद पर विशेष रूप से कार्य किया गया। 'लेखक से मिलिए' सत्र में उनकी कविताओं की भाषिक संरचना, सांस्कृतिक संदर्भों तथा विभिन्न भाषाओं में उनके अनुवाद की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। दूसरे दिन डॉ. विहाग वैभव ने आत्मवक्तव्य प्रस्तुत करते हुए अपनी रचनात्मक यात्रा और समकालीन हिन्दी कविता की वैचारिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला।

कार्यशाला में स्वीडन के उप्साला विश्वविद्यालय के प्रो. हैंस वेसलर, पोलैंड की प्रो. मोनिका तथा स्विट्जरलैंड के प्रो. निकोला सहित यूरोप के अनेक विश्वविद्यालयों के विद्वानों ने भाग लिया। बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक वातावरण में आयोजित इस संवाद ने हिन्दी साहित्य के अंतरराष्ट्रीय अनुवाद और उसकी वैश्विक पाठकीयता के नए आयामों को रेखांकित किया।

कार्यशाला का संयोजन हिन्दी के प्रतिष्ठित प्रो. विवेक कुमार शुक्ला ने किया। उनके नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने अनुवाद की सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक चुनौतियों पर सार्थक विमर्श का अवसर प्रदान करने के साथ ही विभिन्न देशों के विद्वानों के बीच हिन्दी साहित्य के प्रति सहयोग, संवाद और सांस्कृतिक सेतु निर्माण को भी नई दिशा दी।

यह सहभागिता काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति तथा हिन्दी भाषा और साहित्य के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित