बैतूल , मई 16 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में अवैध अफीम खेती के एक मामले में करीब डेढ़ वर्ष से फरार चल रहे ईनामी आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और अफीम की अवैध खेती पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सारणी पुलिस और रानीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए विनोद बरई उर्फ सोनू (29) निवासी ग्राम बटकीडोह, थाना चोपना को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
यह मामला 24 फरवरी 2025 का है, जब सारणी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पाथाखेड़ा स्थित गुणवंत बाबा मंदिर के पास छापा मारकर अजय बरई को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया गया था। इस मामले में थाना सारणी में अपराध क्रमांक 112/25 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पूछताछ में विनोद बरई की अवैध अफीम खेती में संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि रानीपुर थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 35/25 में भी वह वांछित था।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में गठित टीम ने लगातार तलाश के बाद कल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक आम्रपाली डाहट तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशीले पदार्थों के कारोबार और अवैध खेती में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित