धार , जून 30 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की धरमपुरी पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य का 7.782 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोषसिंह यादव के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भुरियाकुआं-बीरमपुरा मार्ग पर एक व्यक्ति यूरिया की थैली में गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान महेश (38), निवासी भुरियाकुआं, के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.782 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद गांजा जब्त कर आरोपी के विरुद्ध संबंधित प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित