खरगोन , अक्टूबर 14 -- मध्यप्रदेश के खरगोन में 15 वर्षीय पंकज सानियर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के करीब डेढ़ माह बाद भी मामले की जांच जारी है। मृतक की मां दीपिका तानियर ने पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र वर्मा से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने घटना वाले दिन पंकज के साथ देखे गए आठ और 14 वर्षीय दो बालकों से गहन पूछताछ करने की मांग भी की है।

परिजनों के अनुसार, पंकज 26 अगस्त को मांगरूल रोड स्थित गायत्री स्कूल के पास से लापता हुआ था। शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। बाद में उसका शव मेनगांव थाना क्षेत्र में मिला। इसके बाद से परिजन उसकी मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

खरगोन कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि पंकज के साथ गए दोनों बालकों के बयान दर्ज किए गए हैं। उनके अनुसार, पंकज गहरे पानी में चला गया था और डूबने से उसकी मौत हुई। पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र वर्मा ने बताया कि मृतक की हड्डियों और पानी के नमूने डायटम परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए विशेष वाहक भेजा जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परिजनों का आवेदन मिलने के बाद जांच तेज की जा रही है। डायटम परीक्षण के निष्कर्षों को अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों के साथ मिलाकर मौत की परिस्थितियों का आकलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित