बारां , जुलाई 20 -- राजस्थान में बारां जिले के बापचा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक किलो 486 ग्राम अफीम बरामद करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये बतायी गयी है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने सोमवार को बताया कि पुलिस दल ने गश्त के दौरान भुलोन रेलवे पुलिया के पास मानपुरा की ओर से एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर आते देखा। पुलिस वाहन को देखकर वह घबराकर कच्चे रास्ते की ओर मुड़ने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। उसने अपना नाम अमृतलाल (50) बताया।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के हैंडल पर लटके थैले में एक किलो 486 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित