रायपुर , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रदेश की लोककला को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने वाले कलाकारों ने सोमवार को लोकभवन में राज्यपाल रमेन डेका से अलग-अलग सौजन्य भेंट की। राज्यपाल ने खिलाड़ियों और लोक कलाकारों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष किशोर महानंद के नेतृत्व में विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों ने राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल डेका ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

राज्यपाल से मुलाकात करने वाले खिलाड़ियों में अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टर प्रदीप क्षत्री और लखपति सिंदूर, भारोत्तोलक कैलाश सिक्का, बास्केटबॉल खिलाड़ी सौपी सिक्का, थाई बॉक्सिंग की स्वर्ण पदक विजेता मानसी तांडी, सॉफ्टबॉल खिलाड़ी गंगा सोना और प्रतिमा सोना, फुटबॉल खिलाड़ी बोस्टो तांडी और राजेश महानंद, कराटे खिलाड़ी लक्षिता तांडी, किक बॉक्सिंग खिलाड़ी रीयाशा बाघ तथा पावरलिफ्टर प्रिया हरपाल शामिल रहे। इस अवसर पर 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन-5' के विजेता रितेश पाल ने भी राज्यपाल से भेंट की।

इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गेड़ी लोक नर्तक एवं लोक श्रृंगार भारती, बिलासपुर के संचालक अनिल कुमार गढ़ेवाल ने अपने सहयोगी लक्ष्मी नारायण मांडले के साथ राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश की पारंपरिक लोककलाओं के संरक्षण और राष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन को लेकर चर्चा हुई।

उल्लेखनीय है कि गढ़ेवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के गेड़ी लोकनृत्य दल ने 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह और 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित 'एट होम' कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति दी थी। इन आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित