जशपुर , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत बेहराखार के शंकर नगर स्थित बिरहोर बस्ती का दौरा कर वहां की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कड़े निर्देश दिए।
जिला जन सम्पर्क अधिकारी (पीआरओ) ने शनिवार को बताया कि श्री डेका ने बस्ती पहुंचते ही सीधे 11 बिरहोर परिवारों से मुलाकात कर उनके आवास, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत के दौरान योजनाओं के लाभ, आय के स्रोत और दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से समझा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई योजनाएं कागजों में तो दर्ज हैं, लेकिन उनका अपेक्षित असर जमीनी स्तर पर पूरी तरह दिखाई नहीं दे रहा है।
राज्यपाल ने मौके पर मौजूद कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन केवल औपचारिकता न बनकर वास्तविक लाभ पहुंचाने वाला होना चाहिए। उन्होंने बिरहोर परिवारों के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति में स्थायी सुधार हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों के समूह बनाकर उन्हें बिहान योजना से जोड़ा जाए। इसके साथ ही महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए "लखपति दीदी" योजना को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए, जिससे परिवारों की आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
राज्यपाल ने कहा कि बस्ती में लंबित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी हितग्राही को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कोई बाधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी और प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
राज्यपाल के इस दौरे से बिरहोर बस्ती में उम्मीद जगी है कि अब योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप में लोगों तक पहुंचेगा और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। अब यह देखना होगा कि दिए गए निर्देशों का क्रियान्वयन कितनी तेजी और प्रभावशीलता के साथ होता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित