हरिद्वार , मई, 16 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिला प्रशासन ने आगामी मानसून को देखते हुए डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में तहसील और विकासखंड स्तर के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी जुड़े रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि डेंगू की रोकथाम को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, पंचायतीराज विभाग, शिक्षा विभाग और बाल विकास विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटान और स्वच्छता अभियान चलाकर डेंगू के लार्वा पनपने की संभावनाओं को समाप्त किया जाए। साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने को कहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित