लखनऊ , अप्रैल 01 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बुधवार को बलरामपुर अस्पताल में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार डेंगू और मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है और यह अभियान सामूहिक प्रयास से सफल बनाया जाएगा।

श्री पाठक ने बताया कि यह अभियान एक माह तक चलेगा, जबकि 10 से 30 अप्रैल तक "घर-घर दस्तक अभियान" भी संचालित किया जाएगा। इन अभियानों में कुल 13 विभागों का समन्वय रहेगा, जिसमें चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग नोडल की भूमिका निभाएगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में सात जिलों से शुरू हुआ यह अभियान अब प्रदेश के सभी 75 जनपदों में लागू किया जा चुका है। आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता इस अभियान की मुख्य धुरी हैं, जो घर-घर जाकर लोगों को रोगों से बचाव, स्वच्छता, शुद्ध पेयजल और मच्छर नियंत्रण के उपायों के बारे में जागरूक करेंगी।

ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रदेश में मच्छरजनित बीमारियों के मामलों में लगातार कमी आई है। वर्ष 2017 में दिमागी बुखार के 4724 मामलों के मुकाबले 2025 में यह संख्या घटकर 694 रह गई है। वहीं जापानी इंसेफेलाइटिस के मामले 693 से घटकर 63 रह गए हैं। डेंगू और चिकनगुनिया की जांच के लिए प्रदेश में 89 प्रयोगशालाएं भी संचालित की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित