नई दिल्ली, सितंबर 14 -- दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न विद्यार्थी संगठनों की जोरदार हलचलों के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस पार्टी का छात्र निकाय- भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) दुष्प्रचार और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है।
भाजपा से जुड़े संगठन विद्यार्थी परिषद की दिल्ली प्रदेश इकाई के मंत्री सार्थक शर्मा ने एनएसयूआई की प्रचार शैली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा , ' एनएसयूआई को विद्यार्थियों के बीच जाकर उनके मुद्दों पर बात करनी चाहिए, लेकिन वह अपनी अंदरूनी कलह से ध्यान हटाने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रम और दुष्प्रचार का सहारा ले रहा है।" श्री शर्मा ने कहा, " एनएसयूआई में जिस प्रकार के आंतरिक मतभेद और विवाद सामने आ रहे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि संगठन अपने ही लोगों को संभालने में असमर्थ है। जो संगठन अपने कार्यकर्ताओं और साथियों के बीच समन्वय और विश्वास कायम नहीं कर पा रहा है, वह दिल्ली विश्वविद्यालय के हजारों विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी आकांक्षाओं को कैसे संभालेगा?"विद्यार्थी परिषद के नेता ने कहा कि एनएसयूआई को विद्यार्थियों के बीच जाकर उनके मुद्दों पर बात करनी चाहिए जो वह कर नहीं पा रहा है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली विश्वविद्यालय के चुनाव में विद्यार्थी परिषद का पूरा पैनल निर्णायक विजय की ओर बढ़ रही है।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में इस बार विद्यार्थी परिषद ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष पद के लिए ईशू मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छाबड़ी एवं संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्यराज सिंह को उतारा है। संगठन के कार्यकर्ता पूरे पैनल को जिताने के लिए जोर-शोर से संपर्क अभियान में लगे हैं।
एनएसयूआई ने अध्यक्ष के लिए विजय शंकर मीणा , उपाध्यक्ष पद के लिए वीर छत्रथ, सचिव पद के लिए नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पद के लिए गोपाल चौधरी को मैदान में उतारा है। एनएसयूआई ने सोमवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने अपना घोषणा-पत्र रविचार को जारी कर दिया था।
नामवापसी के बाद इस बार चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए कुल सात उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, उपाध्यक्ष के लिए पांच, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए चार-चार उम्मीदवारों के नाम है। बुधवार शाम को सार्वजनिक रूप से प्रचार का दौर समाप्त हो जाएगा।
मतदान शुक्रवार 18 सितंबर को होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित