नयी दिल्ली , सितंबर 17 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को लेकर वकीलों की बैठक हुई।
बैठक के बाद कांग्रेस के लीगल एंड ह्यूमन राइट्स विभाग ने कहा कि 18 सितंबर को होने वाले चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या एकतरफा कार्रवाई की स्थिति में कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक कॉलेज में वकीलों की टीम तैनात की गयी है।
श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि दिल्ली विश्वविद्यालय में चुनाव शांतिपूर्वक और निष्पक्ष माहौल में हों तथा सभी विद्यार्थियों को बिना किसी दबाव के स्वतंत्र रूप से अपने उम्मीदवार का चयन करने का अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी होने पर कानूनी कार्रवाई के लिए प्रत्येक कॉलेज में वकीलों की टीम उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि लीगल एंड ह्यूमन राइट्स विभाग के वकीलों का प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जो सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक कार्य करेगा। किसी शिकायत या गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तत्काल कानूनी सहायता उपलब्ध करायी जायेगी।
विभाग के चेयरमैन एडवोकेट सुनील कुमार ने कहा कि यदि सत्ता पक्ष या पुलिस एकतरफा व्यवहार कर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करती है, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि वकीलों की टीम उनके नेतृत्व में तैयार रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित