पौड़ी , मई 20 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिले के श्रीनगर क्षेत्र स्थित डूंगरीपंथ रेलवे सुरंग का बुधवार को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की संयुक्त टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान सुरंग की सुरक्षा व्यवस्थाओं, आपातकालीन निकासी मार्गों, राहत-बचाव संसाधनों तथा संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों का जायजा लिया गया।
संयुक्त दल ने बुधवार को सुरंग के भीतर पहुंचकर विभिन्न संवेदनशील बिंदुओं का निरीक्षण किया और आपदा की स्थिति में प्रभावी राहत एवं बचाव अभियान संचालित करने को लेकर रणनीति पर चर्चा की। अधिकारियों ने सुरंग में कार्यरत कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के पालन, त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वित राहत कार्यों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने टीम को सुरंग की संरचना, उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों, निकासी मार्गों और आपदा प्रबंधन संसाधनों की जानकारी दी। इसके बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के अधिकारियों ने पूरे सुरंग क्षेत्र का भ्रमण कर संभावित जोखिम वाले स्थलों को चिन्हित किया।
एसडीआरएफ निरीक्षक मंजरी नेगी ने बताया कि संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य डूंगरीपंथ रेलवे सुरंग की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना तथा किसी भी आपदा या आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित राहत-बचाव सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ समय-समय पर ऐसे संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा तंत्र को प्रभावी बनाने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के उप निरीक्षक नाजिम हुसैन सहित एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं रेलवे विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित