पटना , अक्टूबर 02 -- बिहार में गंडक नदी का जलस्तर डुमरियाघाट, रेवाघाट और लालगंज में शुक्रवार सुबह भी खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। हालांकि, तीनों स्थानों पर पानी घटने का रुझान जारी है।
डुमरियाघाट में नदी खतरे के निशान से 1.52 मीटर, लालगंज में 1.61 मीटर और रेवाघाट में 0.62 मीटर ऊपर बह रही है। दूसरी ओर, बगहा, कुकरा, चटिया और हाजीपुर में गंडक का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है।
बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग की शुक्रवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार, कोसी और बागमती समेत कई नदियों के जलस्तर में भी गिरावट दर्ज की गई है।
विभाग के अनुसार, गंडक नदी के डुमरियाघाट में सुबह आठ बजे जलस्तर 63.74 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 62.22 मीटर है। रेवाघाट में जलस्तर 55.03 मीटर रहा, जो खतरे के निशान 54.41 मीटर से 0.62 मीटर अधिक है। लालगंज में नदी का जलस्तर 52.11 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 50.50 मीटर से 1.61 मीटर ऊपर है।
गंडक में बगहा में जलस्तर 89.25 मीटर रहा, जो खतरे के निशान 89.40 मीटर से 0.15 मीटर नीचे है। गोपालगंज के कुकरा में नदी का जलस्तर 70.43 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 70.60 मीटर से 0.17 मीटर नीचे है। पूर्वी चंपारण के चटिया में जलस्तर 68.65 मीटर रहा, जो खतरे के निशान 69.15 मीटर से 0.50 मीटर नीचे है। वैशाली के हाजीपुर में जलस्तर 50 मीटर पर स्थिर रहा, जो खतरे के निशान 50.32 मीटर से 0.32 मीटर नीचे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित