चेन्नई , सितंबर 25 -- सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) ने शुक्रवार को तिरुवन्नामलाई से द्रमुक सांसद सीएन अन्नादुरई के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति जमा करने के सिलसिले में छापेमारी की।
छापेमारी में तिरुवन्नामलाई और वेल्लोर जिलों के 20 से अधिक डीवीएसी अधिकारी शामिल थे। टीमों ने सांसद से जुड़ी 10 से अधिक जगहों पर एक साथ तलाशी ली, जिसमें मंदिर वाले शहर वेंगीक्कल में उनका घर भी शामिल था।
गौरतलब है कि तलाशी सुबह से ही चल रही थी और उनके घर के बाहर पुलिसकर्मी तैनात थे। खबरों के मुताबिक यह तलाशी उन शिकायतों के आधार पर ली गई जिनमें आरोप लगाया गया था कि श्री अन्नादुरई ने पिछली द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) सरकार के दौरान अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति जमा की थी। अधिकारियों ने टैक्स चोरी से जुड़े आरोपों की भी जांच की।
तिरुवन्नामलाई जिले के देवनामपट्टू में श्री अन्नादुरई के पैतृक गांव में भी तलाशी की खबर है। ऐसी भी खबरें हैं कि चेंगम रोड पर उनसे जुड़ी एक पत्थर की खदान भी डीवीएसी की जांच के दायरे में आ गई है। डीवीएसी की यह कार्रवाई पिछली द्रमुक सरकार के दौरान तिरुवन्नामलाई के पास मलाप्पमबाड़ी झील से अवैध रेत खनन के आरोपों के बाद हुई है।
भ्रष्टाचार विरोधी कार्यकर्ता और गैर सरकारी संगठन 'अराप्पोर इयक्कम' ने हाल ही में इस जलाशय से अवैध रेत खनन के आरोप उठाए थे और डीवीएसी को शिकायत सौंपी थी। तिरुवन्नामलाई जिला प्रशासन ने पहले कहा था कि झील में अवैध रेत खनन के आरोपों की जांच की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित