वाराणसी , जून 15 -- डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया यानी डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऐतिहासिक शहर वाराणसी में अपना पदार्पण करने जा रहा है। नेक्सजेन सीजन का छठा इवेंट 16 से 18 जून, 2026 तक बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स में खेला जाएगा।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई का वाराणसी में यह पहला टूर्नामेंट होगा, जिसमें 25 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। यह इवेंट तीन राउंड यानी 54 होल्स में खेला जाएगा। दो राउंड यानी 36 होल्स के बाद कट लागू किया जाएगा। शीर्ष 36 खिलाड़ी और टाई में रहने वाले खिलाड़ी तीसरे और अंतिम राउंड में प्रवेश करेंगे।
टूर्नामेंट में कुल 72 खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में सुनीत चौरसिया (2026 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ़ मेरिट लीडर), राजेश कुमार गौतम, बिपिन मुखिया, अभिषेक कुमार, आदित्य राज सिंह चहल और विनय कुमार यादव के साथ-साथ 15 साल के अर्जुनवीर शिशिर शामिल हैं। वाराणसी के दो खिलाड़ी इमाम-उल-हक और हेमंत यादव भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
इस वर्ष के नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट के विजेता को 2026 सीजन के लिए मुख्य टूर यानी डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में खेलने की छूट मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित