राजनांदगांव , सितम्बर 05 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिक्षण क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दो शिक्षिकाओं को उत्कृष्टता पुरस्कार के साथ 50-50 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।

विद्यालय में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने शिक्षकों एवं निदेशक मंडल के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस वर्ष समारोह की थीम 'राजा और रानी' रखी गई थी, जिसके अनुरूप शिक्षक-शिक्षिकाएं राजसी वेशभूषा में शामिल हुए।

समारोह के दौरान अर्चना शर्मा को 'एजुकेटर एक्सीलेंस अवार्ड' (शिक्षक उत्कृष्टता पुरस्कार) तथा रोहिणी मुदलियार को 'कमिटमेंट एक्सीलेंस अवार्ड' (समर्पण उत्कृष्टता पुरस्कार) से सम्मानित किया गया। दोनों शिक्षिकाओं को 50-50 हजार रुपये की नकद सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

विद्यालय की प्रधानाचार्य निर्मला सिंह ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, निष्ठा और संस्थान के विकास में योगदान की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित