जयपुर , अप्रैल 17 -- राजस्थान में खान एवं पेट्रोलियम विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोरा ने राज्य की सीजीडी संस्थाओं को अवेयरनेस अभियान चलाकर क्षेत्रवासियों को पाइप लाइन से घरेलू गैस सुविधा डीपीएनजी से जोड़ने के निर्देश देते हुए कहा है कि वे पीएनजी आधारभूत संरचना क्षेत्र की कॉलोनियों को चरणवद्ध तरीके से एलपीजी फ्री जोन घोषित करने की कार्ययोजना बनाएं ताकि हरित ऊर्जा से जोड़ते हुए सुरक्षित एवं सस्ती गैस सुविधा से जोड़ा जा सके।
श्रीमती अरोरा शुक्रवार को यहां राज्य की सीजीडी संस्थाओं से वर्चुअली संवाद कर रही थी। उन्होंने कहा कि सीजीडी संस्थाओं को एक और आधारभूत संरचना विकसित करने के कार्य में तेजी लानी होगी वहीं उपलब्ध क्षेत्रों में डीपीएनजी सुविधाओं से क्षेत्रवासियों को जोड़ना होगा। उन्होंने बताया कि केन्द्र एवं राज्य सरकार पीएनजी सुविधाओं के विस्तार और एलपीजी से डीपीएनजी कनेक्शन जारी कराने पर फोकस कर रही है। गत 15 दिनों में सीजीडी संस्थाओं द्वारा करीब छह हजार से अधिक परिवारों को नए डीपीएनजी कनेक्शन जारी किये गए हैं वहीं आगामी 15 दिनों में करीब साढ़े आठ हजार परिवारों को डीपीएनजी सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने जिला कलक्टरों से सीजीडी संस्थाओं के साथ तत्काल एवं नियमित मीटिंग करने, जिला प्रशासन की और से नोडल अधिकारी लगाने और जहां आधारभूत संरचना विकसित है वहां सीजीडी संस्थाओें से कालोनी या क्षेत्र अनुसार शिविर कार्यक्रम जारी कराकर वहां के निवासियों को डीपीएनजी कनेक्शनों से जुड़वाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर की पूर्व जानकारी से अधिक से अधिक शिविरों में कनेक्शन सुविधाओं का लाभ पाप्त कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित