नयी दिल्ली , मार्च 17 -- दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए) के अध्यक्ष रोहन जेटली ने जेके बोस इंटर-जोनल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट की चैंपियन उत्तर क्षेत्र टीम के लिए पांच लाख रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
अरुण जेटली स्टेडियम में सोमवार को स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजेएफआई) के गोल्डन जुबली एडिशन का नेशनल कन्वेंशन समापन समारोह में डीडीसीए के अध्यक्ष रोहन जेटली ने विजेताओं को ट्रॉफी दी और जेके बोस इंटर-जोनल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट की चैंपियन टीम, नॉर्थ जोन के लिए पांच लाख के नकद इनाम का ऐलान किया।
रोहन जेटली ने कहा, "चूंकि नॉर्थ जोन जीता है, इसलिए एसोसिएशन की ओर से मैं जीतने वाली टीम के लिए पांच लाख के नकद इनाम का ऐलान करना चाहूंगा। क्रिकेट प्रशासन और पत्रकारिता समीक्षाओं के बीच संतुलन बेहद जरूरी है। चाहे वह आलोचना हो या फीडबैक, एक प्रशासक के लिए यह बेहद जरूरी है। हमें यह समझने की आवश्यकता है कि हम कहां गलती कर रहे हैं। अपनी गलतियों को जानना और उनमें सुधारना जरूरी है।"कन्वेंशन के पहले दिन खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और खेल सचिव हरि रंजन राव ने इस अवसर की शोभा बढ़ाई और देश भर से आए पत्रकारों को संबोधित किया। पत्रकारों के साथ शनिवार को सांसद अनुराग ठाकुर के साथ एक विशेष बातचीत की। इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला और भारतीय तीरंदाजी संघ के मानद महासचिव वीरेंद्र सचदेवा शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित