कुशीनगर , जून 23 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब डीजे पर नृत्य करने को लेकर हुए विवाद में दूल्हे के भांजे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद विवाह समारोह रद्द हो गया और बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई।
पुलिस के अनुसार सेवरही थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर वार्ड निवासी काशी चौहान की पुत्री का विवाह तरया सुजान थाना क्षेत्र के तरयाकारी शाही गांव निवासी राहुल चौहान के साथ तय था। सोमवार रात बारात लड़की के दरवाजे पर पहुंची थी और द्वारपूजा से पहले बारात में शामिल युवक डीजे की धुन पर नृत्य कर रहे थे।
इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान दूल्हे के भांजे सुजीत चौहान (20), निवासी बसडीला पांडेय, थाना तुर्कपट्टी, पर कुछ युवकों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। युवक की मौत के बाद वर पक्ष ने विवाह की रस्में संपन्न कराए बिना ही बारात वापस ले जाने का निर्णय लिया। सूचना पर पहुंची सेवरही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
सेवरही थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि दूल्हे के पिता की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित