नयी दिल्ली , जून 25 -- नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे पर बुधवार शाम दो विमानों के टैक्सी-वे पर आमने-सामने आने की घटना की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना में एयर इंडिया का एक विमान गलती से उसी टैक्सी-वे पर पहुंच गया था जहां से इंडिगो का एक विमान उड़ान भरने के लिए जा रहा था।

डीजीसीए ने गुरुवार को एक प्रेस नोट जारी कर बताया कि मुंबई से अहमदाबाद आया एयर इंडिया का ए320 विमान वीटी-टीक्यूवी (उड़ान संख्या एआई2493) रनवे 23 पर उतरा था। टैक्सी-वे "सी" से होता हुआ वह रनवे से हट गया था। उसे टैक्सी-वे "पी" से होते हुए टैक्सी-वे "जी" पर जाने के लिए निर्देश मिला था।

विमानन नियामक ने बताया कि एयर इंडिया का विमान टैक्सी-वे "जी" की तरफ दाहिनी ओर मुड़ने की बजाय टैक्सी-वे "पी" पर ही आगे बढ़ता रहा। उसी समय टैक्सी-वे "पी" पर इंडिगो का ए320 विमान वीटी-आईएसटी (उड़ान संख्या 6ई5160) मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।

डीजीसीए ने कहा है कि इंडिगो और एयर इंडिया के विमान "एक-दूसरे से पर्याप्त दूरी रहते" रुक गये। बाद में एयर इंडिया के विमान को खींचकर (टो करके) पार्किंग तक ले जाया गया। नियामक ने बताया कि वह मामले की जांच कर रहा है।

एयर इंडिया ने भी मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के कारण इंडिगो की उड़ान में थोड़ी भी देरी हुई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित