मोहाली , अगस्त 04 -- पंजाब पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव की पहल पर प्रदेशभर के पुलिस नाकों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पहल के तहत मोहाली सहित सभी जिलों के पुलिस नाकों पर स्वच्छ पेयजल, बैठने की उचित व्यवस्था, बिजली और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
पुलिसकर्मी हर मौसम में दिन-रात नाकाबंदी और सुरक्षा ड्यूटी के दौरान आम जनता की सुरक्षा के लिए तैनात रहते हैं। भीषण गर्मी, बारिश और कड़ाके की सर्दी जैसी परिस्थितियों में भी वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। नई व्यवस्था लागू होने से उन्हें बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मोहाली के विभिन्न पुलिस नाकों पर तैनात पुलिसकर्मियों और महिला पुलिस कर्मचारियों ने इस पहल के लिए डीजीपी यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान मूलभूत सुविधाएं मिलने से पुलिस बल का मनोबल बढ़ेगा और कार्यक्षमता में भी सुधार होगा। उनका कहना है कि यह कदम पुलिसकर्मियों के लिए राहतभरा साबित होगा, जिससे वे पहले से अधिक प्रभावी ढंग से अपनी सेवाएं दे सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित