बीजापुर , जून 22 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में खरीफ सीजन से पहले डीजल की कथित कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर सोमवार को किसानों ने विधायक विक्रम मंडावी के नेतृत्व में विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर प्रदर्शन किया तथा प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

रैली नैमेड के नए बस स्टैंड से शुरू होकर जिला मुख्यालय पहुंची। सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ किसानों ने विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए डीजल की पर्याप्त उपलब्धता की मांग की। बाद में रैली सभा एवं धरना प्रदर्शन में परिवर्तित हो गई।

किसानों ने आरोप लगाया कि जिले के पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे जोताई और बुआई जैसे कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि ट्रैक्टर ऋण लेकर खरीदे जाते हैं और खेती से होने वाली आय से कर्ज चुकाया जाता है, लेकिन डीजल की कमी के कारण खेती-किसानी का कार्य बाधित हो रहा है।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि मानसून आगमन के साथ किसानों को खेती की तैयारियां करनी हैं, लेकिन उन्हें डीजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से किसानों को बिना किसी बाधा के पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर किसानों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

रैली के बाद किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने, किसानों को ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल देने, आवश्यकता अनुसार ड्रमों में डीजल उपलब्ध कराने तथा कुटरू, गंगालूर, भैरमगढ़, आवापल्ली, बासागुड़ा और मद्देड क्षेत्रों में नए पेट्रोल पंप खोलने की मांग की। ज्ञापन में खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित