बैतूल , अक्टूबर 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में रानीपुर पुलिस ने टोल प्लाजा के पास खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 615 लीटर से अधिक चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा जायलो कार जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक राजकिशोर दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सात अक्टूबर की शाम उसने अपना ट्रक घोड़ाडोंगरी स्थित डीबीएल टोल प्लाजा पर खड़ा किया था। इस दौरान अज्ञात आरोपियों ने ट्रक की टंकी का ताला तोड़कर करीब 180 लीटर डीजल चुरा लिया था।

मुखबिर से मिली सूचना पर रानीपुर पुलिस और घोड़ाडोंगरी चौकी की संयुक्त टीम ने सालीढाना रोड स्थित बांसपुर गेट के पास संदिग्ध जायलो कार को रोककर तलाशी ली। वाहन से डीजल से भरी आठ केन बरामद हुईं। पूछताछ में मुख्य आरोपी अनिल मर्सकोले और उसके साथियों ने पांडरा टोल प्लाजा सहित शाहपुर, बैतूल और मुलताई क्षेत्रों में भी डीजल चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर अन्य स्थानों से भी डीजल बरामद किया गया।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 और 317 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अनिल मर्सकोले के विरुद्ध इंदौर, आठनेर और रानीपुर थानों में चोरी, लूट और डकैती सहित आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का डीजल खरीदने वालों का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित