भरतपुर , अगस्त 07 -- राजस्थान में डीग जिले के कामां थाना क्षेत्र में मोरोली गांव में शुक्रवार को खेत में उच्च क्षमता के बिजली के तारों के छूने से एक युवक की मौत हो गई।

युवक की मौत से आक्रोशित सेकड़ो ग्रामीणों एवं परिजनों ने शव लेकर कामां में विद्युत विभाग के कार्यालय का घेराव करके प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि खेत में तार टूटने की जानकारी होने के बावजूद विभाग ने न तो आपूर्ति काटी और न ही तार को दुरुस्त किया। आक्रोशित लोगों ने मृतक के पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने, दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और खेतों में झूलते एवं टूटे बिजली के तारों को तुरंत सही कराने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित