भरतपुर , अप्रैल 22 -- राजस्थान में डीग जिले की ब्रज भूमि पर पौराणिक महत्व के साथ ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र कामां के विमल कुंड में बुधवार से चंबल के पानी की आपूर्ति शुरू कर दिए जाने के बाद बृज क्षेत्र के श्रद्धालुओं के साथ साधु महात्मा एवं संतों में खुशी की लहर दौड़ गई।

जिला कलेक्टर मयंक मनीष के निर्देश के बाद जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा विमल कुंड को चंबल पेयजल परियोजना से जोड़कर इसमें सुचारू रूप से जल प्रवाह प्रारंभ कर दिया गया।

विमल कुंड में पिछले काफी समय से पानी की कमी बनी हुई थी। जल स्तर गिरने और स्वच्छ जल की आपूर्ति न होने के चलते स्थानीय निवासियों, संतों और यहां दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

जन-आस्था और धरोहर के संरक्षण के तहत कुंड में चंबल का पानी पहुंचने से न केवल इस ऐतिहासिक धरोहर का आध्यात्मिक और प्राकृतिक सौंदर्य पुनः लौट आएगा बल्कि आगामी ब्रज 84 कोस परिक्रमा और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां स्नान और आचमन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी अब निर्मल जल सुलभ हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित