भरतपुर , सितम्बर 12 -- उत्तरप्रदेश में मथुरा के गोवर्धन कस्बे में राष्ट्रीय विद्यालय इंटर कॉलेज में निर्माण के दौरान छज्जा गिरने से मलबे में दबकर राजस्थान के डीग जिले के युवक पंकज की मौत के बाद शनिवार को गांव में शव के पहुंचते ही आक्रोशित परिजनों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तलफ़रा गाँव के सैकड़ों ग्रामीण पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ आर्थिक सहायता एवं सरकारी मुआवजा के लिए शव को वापिस घटनास्थल गोवर्धन में ले जाकर धरना प्रदर्शन कर रहे है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक मजदूरी के लिए अपने गाँव से गोवर्धन गया था जहां उसकी हादसे में मौत हो गयी।
उत्तर प्रदेश पुलिस सूत्रों ने बताया कि ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने के साथ-साथ मामले में उचित मुआवजे का आश्वासन देकर धरना प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित