अलवर , जुलाई 18 -- राजस्थान में डीग जिले के गोपालगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित एक मदरसे में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान हुए हादसे के बाद अलवर के निजी अस्पताल में भर्ती कराई गई 13 छात्राओं में से नौ को शनिवार को छुट्टी दे दी गई।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार चार छात्राओं का अब भी उपचार जारी है, जिनमें दो की हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा गया है। वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में सभी काे बेहतर उपचार दिया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उधर, डीग पुलिस ने मामले में मदरसा प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कन्या छात्रावास के सेप्टिक टैंक की निचले तल की सफाई के लिए छात्राओं को ही नीचे उतारा गया। इसी दौरान लकड़ी की सीढ़ी टूटने से कई छात्राएं टैंक में गिर गईं और जहरीली गैस एवं मलबे की चपेट में आ गईं। हादसे में हरियाणा के साकरस निवासी 16 वर्षीय छात्रा रोहिना की मौत हो गई थी।

डीग पुलिस अधीक्षक गोपीनाथ कांबले ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया, जबकि घायल छात्राओं को उपचार के लिए अलवर भेजा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित