डीग , मई 11 -- राजस्थान के डीग जिले के परमदरा गांव में सोमवार को जल संसाधन विभाग की लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत वाली प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 9 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के जल संसाधन एवं प्रभारी मंत्री भरतपुर एवं डीग सुरेश सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की जबकि गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने अध्यक्षता की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान एवं आमजन मौजूद थे।
कार्यक्रम में डीग तहसील एवं जिले में किसानों की सुविधा के लिए ककड़ा चैनल (आरडी 0 से 8500 मीटर) के जीर्णोद्धार तथा गुड़गांव कैनाल सिंचाई परियोजना के तहत टेल डिस्ट्रीब्यूटरी (चैन 0 से 220) और इसकी माइनर्स के पुनरुद्धार कार्यों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया गया। इसके अतिरिक्त बजट घोषणा के तहत डीग डिस्ट्रीब्यूटरी की दिदावली, परमदरा एवं डीग सब-माइनर के पुनरुद्धार कार्य का शिलान्यास भी किया गया।
इस अवसर पर श्री रावत ने बताया कि इन सिंचाई परियोजनाओं से क्षेत्र के 21 गांवों की 4350 हेक्टेयर कृषि भूमि को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान मरु प्रदेश से हरित प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।
डीग जिले के विकास पर उन्होंने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गृह राज्य मंत्री की मांग पर डीग जिले को भी संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चम्बल लिंक परियोजना से जोड़ दिया गया है। इससे चम्बल, कालीसिंध और पार्वती नदियों का पानी यहां आएगा और पेयजल व सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
श्री बेढ़म ने गुड़गांव कैनाल का पानी मिलने पर किसानों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए बताया कि नगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1800 करोड़ रुपये के विकास कार्य और 100 से अधिक सड़कों का निर्माण प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि सीकरी बांध को चम्बल परियोजना से जोड़ने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
राज्य में नशीले पदार्थों की रोकथाम पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से नशे के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई हुई है। इससे आमजन को भारी राहत मिली है। श्री बेढ़म ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि ग्राम रथ अभियान के तहत 13 विभागों के अधिकारी सीधे आपके द्वार आ रहे हैं, अतः आगे आएं और योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन को समृद्ध बनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित