जालौन , जुलाई 31 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में किसानों को समय पर एवं सुगमता से उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को बहुद्देश्यीय सहकारी समिति कुकुरगांव एवं पहाड़पुरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उर्वरक भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा अभिलेखों की गहन जांच कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने समिति परिसर में मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर खाद वितरण की स्थिति की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें उनकी जोत के अनुसार बिना किसी परेशानी के उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है तथा वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु है। एक किसान ने बताया कि वह स्वयं ई-रिक्शा से खाद लेकर जा रहा है, जिससे वितरण प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं व्यवस्थित संचालन की पुष्टि हुई।

जिलाधिकारी ने स्टॉक रजिस्टर एवं वितरण रजिस्टर का अवलोकन करते हुए उपलब्ध उर्वरकों का भौतिक सत्यापन कराया, जो अभिलेखों के अनुरूप सही पाया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध रहे और किसी भी किसान को खाद की कमी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप उर्वरकों का वितरण पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, एआर कोऑपरेटिव शिव कुमार तथा संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित