फिरोजाबाद , नवंबर 10 -- फिरोजाबाद में आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने खुद शिकायतकर्ताओं को फोन किया।
उनसे बातचीत कर निस्तारण की स्थिति और संबंधित अधिकारियों की कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। साथ ही शिकायतकर्ता संतुष्ट हैं या नहीं, इसका भी फीडबैक लिया।
फोन पर बातचीत के दौरान कुछ शिकायतों का निस्तारण लंबित मिलने और कार्रवाई में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल पोर्टल पर आख्या अपलोड करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही निस्तारण का वास्तविक आधार है। सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित