अमृतसर , मार्च 30 -- पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोमवार को डीएम गगनदीप सिंह रंधावा आत्महत्या मामले में राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जांच को कमजोर करने और पूर्व मंत्री को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण पीड़ित परिवार और पंजाब के लोग सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं।
डीएम गगनदीप सिंह रंधावा को श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत करते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि पांच दिन की पुलिस रिमांड के बावजूद जांच की दिशा संदिग्ध बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी के दिन वह मोबाइल फोन पर मीडिया को इंटरव्यू दे रहे थे, लेकिन पुलिस ने अब तक उनके मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि निष्पक्ष जांच का इरादा होता तो घटना के तुरंत बाद सबूत एकत्र किए जाते।
श्री जाखड़ ने कहा कि पुलिस द्वारा अब तक पिस्तौल बरामद न होने के बावजूद एफआईआर में आर्म्स एक्ट की धाराएं नहीं लगायी गई हैं। साथ ही सरकारी अधिकारी को धमकाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने से संबंधित धाराएं भी शामिल नहीं की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री के पिता और निजी सहायक की गिरफ्तारी न होना सरकार की मंशा पर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने कहा कि इन सभी तथ्यों से स्पष्ट है कि सरकार मामले को लंबा खींचकर कमजोर करना चाहती है और अंततः अपने मंत्री को क्लीन चिट देने की कोशिश कर रही है। यही कारण है कि परिवार, भाजपा और पंजाब की जनता सीबीआई जांच की मांग कर रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने घोषणा किया कि पार्टी चार अप्रैल को अमृतसर में विरोध प्रदर्शन करेगी और न्याय की मांग को लेकर संघर्ष तेज करेगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। जाखड़ ने यह भी कहा कि पार्टी पंजाब के सभी सांसदों और विधायकों से संपर्क करेगी, ताकि वे केंद्र सरकार को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच की मांग करें। उन्होंने मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए जांच सीबीआई को सौंपने की अपील की।
कांग्रेस नेताओं पर टिप्पणी करते हुए श्री जाखड़ ने कहा कि उनके दोहरे मापदंड उजागर हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी के साथ खड़ी है और उसके नेताओं ने मुख्यमंत्री के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब देख रही है और समय आने पर अपना फैसला देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित