कानपुर , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में जनता दर्शन में उठे 20 वर्ष पुराने नाली निर्माण विवाद का जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से समाधान करा दिया गया, जिसके बाद मौके पर खुदाई कराकर नाली निर्माण कार्य शुरू कराया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार तहसील नरवल के ग्राम भूखनाही में ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्तावित नाली निर्माण कार्य कुछ ग्रामीणों के विरोध के कारण लंबे समय से लंबित था। जल निकासी बाधित होने से ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर उपजिलाधिकारी नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने एसीपी चकेरी और खंड विकास अधिकारी सरसौल के साथ मौके का निरीक्षण किया। टीम ने दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी और पाया कि नाली की दिशा व स्थान को लेकर विवाद के कारण कार्य रुका हुआ था।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही अवरोध समाप्त कराते हुए दोनों पक्षों को ग्राम हित में सहमति के लिए तैयार किया। इसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में तत्काल नाली निर्माण कार्य शुरू कराया गया और खुदाई कर जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया गया।
दो दशक पुराने विवाद के सुलझने पर ग्रामीणों ने राहत व्यक्त की। उपजिलाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर प्राथमिकता के आधार पर मामले का निस्तारण कराया गया है और भविष्य में भी ऐसी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित