फर्रुखाबाद , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गुरुवार को कमालगंज स्थित मधु गैस एजेंसी का संयुक्त औचक निरीक्षण किया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान 8 अप्रैल की गैस बुकिंग की डिलीवरी अब तक न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी गैस उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि बिना गैस प्राप्त किए ही उन्हें डिलीवरी का संदेश मिल रहा है, जिसे जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया।
उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि बिना वास्तविक आपूर्ति के किसी भी उपभोक्ता को डिलीवरी का संदेश न भेजा जाए और सभी बुकिंग की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित