रायपुर , जुलाई 09 -- ) छत्तीसगढ़ सरकार ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूली शिक्षा की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से 1.65 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति दी है। इस राशि से बलौदाबाजार, पलारी और सिमगा विकासखंड के विभिन्न स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, किचन शेड और प्रार्थना शेड का निर्माण कराया जाएगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इन कार्यों से लंबे समय से भवन, बैठक व्यवस्था, मध्याह्न भोजन के लिए सुरक्षित रसोई तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे स्कूलों को राहत मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होने के साथ उनकी उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार आने की उम्मीद है।

स्वीकृत कार्यों के तहत 12 जून को सिमगा विकासखंड के परसवानी और भालेसुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपये तथा फूलवारी और तिल्दाबांधा प्राथमिक शालाओं में दो-दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।

इसके बाद 18 जून को बलौदाबाजार विकासखंड के प्राथमिक शाला चिचोली, मगरवाय, केशडबरी तथा पूर्व माध्यमिक शाला खम्हरिया-चापा और धवई में पांच-पांच लाख रुपये की लागत से किचन शेड निर्माण को मंजूरी दी गई। इसी दिन करमनडीह और खम्हरिया यदु की प्राथमिक शालाओं में दो-दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।

सात जुलाई को सिमगा और बलौदाबाजार विकासखंड के चंडी, फरहदा, केसली, मटिया, रवेली, भाटागांव, खैरघटा, कोलियारी, कुकुरदी और मगरवाय सहित 10 गांवों के स्कूलों में दो-दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए प्रति विद्यालय 10 लाख रुपये के मान से कुल एक करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित