बीजापुर , अगस्त 25 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में स्वास्थ्य विभाग में जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) मद से चल रही भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विधायक विक्रम शाह मंडावी ने कलेक्टर को पत्र लिखकर भर्ती प्रक्रिया निरस्त करने और नए सिरे से पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित करने की मांग की है।

विधायक मंडावी ने पत्र में आरोप लगाया है कि भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय एवं योग्य अभ्यर्थियों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं दी गई। उन्होंने हॉस्पिटल कंसल्टेंट और पब्लिक हेल्थ कंसल्टेंट पदों के लिए अलग-अलग आवेदन लिए जाने के बावजूद दोनों पदों की कौशल परीक्षा और साक्षात्कार के अंकों को जोड़कर अंतिम चयन सूची जारी किए जाने पर सवाल उठाया है।

उन्होंने कहा कि भर्ती विज्ञापन में न्यूनतम अंक को लेकर कोई स्पष्ट शर्त नहीं थी, इसके बावजूद स्थानीय अभ्यर्थियों को न्यूनतम अंक के आधार पर अनुत्तीर्ण किया गया। उन्होंने इसे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़ा गंभीर विषय बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित