बारां , अक्टूबर 05 -- राजस्थान में बारां जिले में डीएपी खाद की किल्लत को लेकर किसानों की परेशानी थमने का नाम नहीं ले रही है।
बारां शहर में सोमवार को एक बार फिर खाद को लेकर किसानों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। शाहबाद मार्ग स्थित एक खाद विक्रेता के यहां डीएपी उपलब्ध होने की सूचना पर टोकन लेकर पहुंचे किसानों ने दुकानदार पर दुकान नहीं खोलने और किसानों को खाद उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद किसानों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने सड़क पर नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते किसानों ने शाहबाद मार्ग बाधित कर दिया। इससे दीनदयाल पार्क से अंबेडकर सर्किल तक यातायात रुक गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी।
किसानों का आरोप है कि वे खाद लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत टोकन लेकर पहुंचे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें खाद नहीं दी गयी। किसानों का कहना है कि दुकान पर डीएपी उपलब्ध है तो टोकन जारी किए गए किसानों को खाद वितरित की जानी चाहिए। किसानों ने खाद वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
किसानों ने आरोप लगाया कि पुलिस को इसकी जानकारी मिलने के बावजूद आधे घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे किसानों में नाराजगी और बढ़ गयी और उन्होंने सड़क पर काफी देर तक नारेबाजी की।
किसानों ने कहा कि एक ओर प्रशासन पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर उन्हें खाद के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
पिछले दिनों भी जिले में डीएपी एवं यूरिया की कमी को लेकर किसानों की नाराजगी सामने आयी थी। किसान नेता नरेश मीणा ने इसी मुद्दे को लेकर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन किया और बाद में किसानों की मांगों को लेकर जयपुर कूच किया था। ऐसे में आज फिर खाद वितरण को लेकर सड़क पर किसानों का आक्रोश सामने आने से प्रशासन की खाद व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित