आगरमालवा , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश में आगरमालवा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिक्षक कैलाश मालवीय द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी नीतेश पांडे के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकी दिए जाने के मामले में सवर्ण समाज संगठन आगरमालवा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में संगठन ने कहा कि 13 सितंबर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिक्षक कैलाश मालवीय द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी नीतेश पांडे के साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। संगठन ने घटना से जुड़े सभी तथ्यों और उपलब्ध शासकीय अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

संगठन ने ज्ञापन में शिक्षक कैलाश मालवीय के संबंध में पूर्व में भी कुछ शिकायतें और प्रकरण सामने आने का दावा किया है। संगठन के अनुसार पूर्व में जिला कलेक्टर के साथ कथित अभद्र भाषा के प्रयोग के मामले में शिक्षक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा ग्राम पालखेड़ी स्थित विद्यालय में कथित रूप से देश-विरोधी भाषण देने के संबंध में भी शिक्षक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज होने की जानकारी संगठन ने दी है।

संगठन ने इन सभी दावों का शासकीय अभिलेखों के आधार पर सत्यापन कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर संबंधित नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अनुशासनहीनता, अभद्र व्यवहार अथवा धमकी जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने की मांग की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित