दंतेवाड़ा , फरवरी 26 -- त्तीसगढ में दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए दो विस्फोटकों (प्रेशर कुकर आईईडी) को बरामद किया है। यह कार्रवाई डीआरजी दंतेवाड़ा और बारसूर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार,पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.के. बर्मन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे के मार्गदर्शन में क्षेत्र में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाए जा रहे हैं। बुधवार (25 फरवरी) को बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोड़मा, गोमटेर और तुलार गुफा के जंगली पहाड़ी इलाके में माओवादियों द्वारा आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगाए जाने की सटीक सूचना मिली थी।

इस सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक अन्नूराम अट्टामी के नेतृत्व में डीआरजी और बारसूर थाना के जवानों का एक संयुक्त दल रवाना हुआ। आज सुबह 5:45 बजे से तोड़मा और तुलार गुफा एवं आसपास के वन क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया गया। इस दौरान घने जंगल और पहाड़ी इलाके में सघन तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान टीम ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक डंप चिन्हित कर लिया। मौके से पांच-पांच किलो के दो प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किए गए, जिनमें 15 मीटर लंबा तार लगा हुआ था। ये विस्फोटक सुरक्षा बलों या आम नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से लगाए गए थे।

बरामद विस्फोटक सामग्री को बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) की टीम द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत मौके पर ही सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में होने वाली एक बड़ी घटना को टाल दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित