नयी दिल्ली, अक्टूबर 11 -- राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने बंगलादेश से सीमा पार सोने की तस्करी के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है और इसी अभियान के तहत आठ और नौ अक्टूबर को पूर्वी क्षेत्र में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों में लगभग 7.8 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियानों में बानपुर सीमा क्षेत्र और त्रिपुरा को कोलकाता से जोड़ने वाले रास्ते के जरिए संचालित सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि बरामद सोने की कीमत 11.50 करोड़ रुपये से अधिक है। इन अभियानों में सीमावर्ती क्षेत्रों से कोलकाता की ओर तस्करी किए गए सोने के परिवहन के लिए सड़क और रेल नेटवर्क के इस्तेमाल का खुलासा हुआ। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित