नयी दिल्ली , सितंबर 14 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पाकिस्तान से आयात पर लगाये गये प्रतिबंध को दरकिनार करने के प्रयासों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 362 टन से अधिक पाकिस्तानी मूल की सूखी खजूर जब्त की है।

वित्त मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि यह कार्रवाई 'ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट' के तहत की गयी है। डीआरआई ने खुफिया जानकारी के आधार पर नासिक स्थित सीएफएस अंबड में मुंबई की एक फर्म द्वारा आयातित सूखी खजूर के 13 कंटेनरों को जब्त किया।

मंत्रालय ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, ये खेप संयुक्त अरब अमीरात के जेबेल अली बंदरगाह से भारत पहुंची थीं और आयात दस्तावेजों में संयुक्त अरब अमीरात को मूल देश घोषित किया गया था। जांच में सामने आया है कि माल के पाकिस्तान मूल को छिपाने के लिए सुनियोजित ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था की गयी थी। सूखी खजूर को पहले पाकिस्तान के कराची बंदरगाह से जेबेल अली भेजा गया। वहां माल को दूसरे कंटेनरों में स्थानांतरित कर अलग जहाज से भारत भेजा गया।

डीआरआई के मुताबिक इस व्यवस्था में पाकिस्तानी नागरिकों द्वारा संचालित संस्थाओं की भूमिका सामने आयी है। भारत सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) की ओर से दो मई 2025 से पाकिस्तान से उत्पन्न या निर्यात किये गये सभी वस्तुओं के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष आयात अथवा पारगमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद डीआरआई 'ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट' के तहत तीसरे देशों के माध्यम से भारत में लाये जा रहे पाकिस्तान मूल के सामान की पहचान और जब्ती कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित